[aioseo_breadcrumbs]

रुद्रपुर गैंगरेप कांड: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में गोली, तीनों दरिंदे गिरफ्तार

Share Now

रुद्रपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपित के पैर में गोली लगी।

रुद्रपुर। भूरारानी रोड से युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ हुई। खुद को घिरता देख आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।

यह दर्दनाक घटना शनिवार रात को घटी थी। सिडकुल की एक कंपनी में काम करने वाली युवती अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने चारों को जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपित चारों को उन्हीं की बाइक पर बैठाकर गदरपुर हाईवे की ओर ले जाने लगे। रास्ते में मौका पाकर एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूद गए और उन्होंने अपनी जान बचाई।

आरोपित दूसरे युवक और युवती को अपने साथ जबरन ले गए। गदरपुर हाईवे पर उन्होंने युवक को रास्ते में छोड़ दिया और युवती को सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशों पर पुलिस ने हाईवे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपराधियों की तलाश तेज कर दी।

सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपित किच्छा हाईवे से भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की, जिस पर आरोपितों ने गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में घायल आरोपित की पहचान गदरपुर निवासी गुरबाज उर्फ मानु के रूप में हुई है। वहीं, उसके दो अन्य साथियों जोगा सिंह और रविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल गुरबाज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score