[aioseo_breadcrumbs]

सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण का प्रयास, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Share Now

देहरादून। सहस्रधारा रोड पर सरेआम एक महिला के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोपितों ने जिस काले रंग की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया, उसकी नंबर प्लेट को ढका गया था, जिसके कारण सीसीटीवी फुटेज में वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार और आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मामले में रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं महिला

पुलिस को दी शिकायत में सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी बेटी को स्कूटी से स्कूल छोड़ने के लिए निकली थीं। बेटी को नालापानी चौक पर छोड़ने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सहस्रधारा रोड स्थित कानकुंज वाली गली के पास पीछे से एक काले रंग की स्विफ्ट कार तेजी से आई और उन्हें ओवरटेक कर आगे निकल गई।

शिकायत के अनुसार, कार की पिछली सीट से दो युवक नीचे उतरे और महिला को पकड़ लिया। शुरुआत में महिला को लगा कि बदमाश लूट के इरादे से आए हैं, लेकिन उन्होंने गहने नहीं छीने। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि आरोपित उनकी स्कूटी छीनने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने स्कूटी की चाबी अपने हाथ में मजबूती से पकड़ ली।

शोर मचाने पर फरार हुए आरोपित

महिला ने बताया कि दोनों आरोपित जबरदस्ती उन्हें उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान हुई धक्कामुक्की में उनकी स्कूटी उनके पैर पर गिर गई। महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां सफाई करने वाली महिलाएं पहुंचीं, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपितों और कार की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की बात कही गई है।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score