[aioseo_breadcrumbs]

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 7 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। करीब एक सप्ताह बाद रविवार को देहरादून में जोरदार बारिश हुई, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ीं। कुमाऊं मंडल के अधिकांश इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग ने सोमवार, 14 सितंबर को प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ शामिल हैं। विभाग ने सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, प्रदेश के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की स्थिति बन सकती है।

बुधवार से कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर

बारिश के बीच राहत की खबर यह है कि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद बारिश के दौर में कमी आने के आसार हैं। फिलहाल अगले दो दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।

बारिश से गिरा देहरादून का तापमान

रविवार को देहरादून में दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी रहा। इसके चलते दून का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहा। देहरादून में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर में अधिकतम 19.7 और न्यूनतम 15.0 डिग्री सेल्सियस तथा नई टिहरी में अधिकतम 24.9 और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score