[aioseo_breadcrumbs]

मामा बना कातिल! मामा की बेटी से निकाह करने पर बीच बाजार भांजे की चाकू से हत्या, आरोपी फरार

Share Now

रुड़की : हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामा की बेटी से प्रेम विवाह (निकाह) करने की रंजिश में एक युवक की बीच बाजार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय मुनसिब ने करीब दो साल पहले अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। बताया जा रहा है कि इस रिश्ते से उसका मामा नाराज था और तभी से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। निकाह के बाद मुनसिब अपनी पत्नी के साथ गांव में रह रहा था।

शुक्रवार (26 जून) को मुनसिब घरेलू सामान खरीदने के लिए भगवानपुर थाना क्षेत्र के हालूमाजरा गांव गया था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा था, तभी वहां उसका मामा भी पहुंच गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में मामा ने अपने पास रखा चाकू निकाला और मुनसिब पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

हमले के बाद मुनसिब गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुनसिब को रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।

पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बेटी के प्रेम विवाह और निकाह से नाराज था। इसी रंजिश में उसने अपने भांजे पर जानलेवा हमला किया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score