[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून में दर्दनाक हादसा: बारिश के दौरान 10 इंच के नाले के पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, JCB से काटकर निकाला गया शव

Share Now

देहरादून में बारिश के दौरान 6 वर्षीय मासूम नाली के 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। जिसके बाद JCB ने पाइप काटकर निकाला बच्चे का शव

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नवाबगढ़ की खादर बस्ती में शनिवार को बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा 6 वर्षीय मासूम अरमान नाली के 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नवाबगढ़ की खादर बस्ती निवासी अरमान (6 वर्ष) शनिवार को बारिश के दौरान घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह नाली के लिए लगाए गए संकरे पाइप में फंस गया। बच्चे के साथ खेल रहे दूसरे बच्चे ने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। मासूम को निकालने के लिए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाई गई। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में बनी सड़क का ढाल अत्यधिक तीव्र रखा गया है, जिससे बारिश के दौरान नाली में पानी का बहाव बहुत तेज हो जाता है। उनका कहना है कि तेज बहाव के कारण बच्चा नाली में बहकर पाइप के अंदर फंस गया। लोगों ने निर्माण कार्य की जांच, जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

दुखद घटना के बाद गमगीन परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। विकासनगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक कुटियाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score