Home » अपराध » 1.32 करोड़ की साइबर ठगी मामले में STF ने राजस्थान से आरोपी दबोचा

1.32 करोड़ की साइबर ठगी मामले में STF ने राजस्थान से आरोपी दबोचा

Share Now

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को राजस्थान के झुंझुनूं से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर श्रीनगर गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति से करीब 1 करोड़ 31 लाख 76 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। STF के अनुसार साइबर ठगों ने पीड़ित को बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा और फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए रकम निवेश करवाई थी।

साइबर पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि उसे अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच “71 Wealth Enhancement” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। जहां रजत वर्मा और मीना भट्ट नाम के लोगों ने उसे रोजाना 5 प्रतिशत तक मुनाफा देने का लालच दिया था। इसके बाद पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से करीब 1.32 करोड़ रुपये जमा करवा लिए गए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दी कराई। मामले में पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

जांच के दौरान STF ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप डेटा का विश्लेषण कर गिरोह के सदस्यों की पहचान की। इससे पहले इस मामले में महाराष्ट्र के तीन आरोपियों को पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक अन्य आरोपी अरबाज सैफी को गाजियाबाद से पकड़ा गया था। अब STF ने राजस्थान के झुंझुनूं निवासी रिंकू को गिरफ्तार किया है, जिसके खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। STF के अनुसार आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ देशभर में 16 शिकायतें दर्ज हैं।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score