Home » उत्तराखंड » दिव्यांग छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी: रातभर बिगड़ती रही तबीयत, परिवार को नहीं दी गई सूचना!

दिव्यांग छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी: रातभर बिगड़ती रही तबीयत, परिवार को नहीं दी गई सूचना!

Share Now

रामनगर: नैनीताल के रामनगर के ग्राम बसई स्थित एक दिव्यांग विद्यालय में एक 9 वर्षीय दिव्यांग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी लेखराज और उनकी पत्नी पूजा ग्राम बसई स्थित एक राइस मिल में मजदूरी करते हैं. दंपति ने अपनी 9 वर्षीय दिव्यांग बेटी प्रज्ञा का एडमिशन 1 जून को बसई स्थित दिव्यांग विद्यालय व हॉस्टल में कराया था. मृतक बालिका की मां पूजा का आरोप है कि 12 जून को वह अपनी बेटी से मिलने स्कूल पहुंची थी. इस दौरान बच्ची को जुकाम की शिकायत थी, जिसकी जानकारी उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को दी. स्कूल स्टाफ ने उन्हें बताया कि बच्ची को दवा दे दी गई है और यदि अधिक परेशानी हो तो उसे घर ले जा सकती हैं. इसके बाद वह अपनी पुत्री को स्कूल में ही छोड़कर घर लौट गईं.

परिजनों का आरोप है कि रात में हॉस्टल में बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं दी. 13 जून शनिवार सुबह स्कूल की दो महिला कर्मचारी उनके घर पहुंचीं और बच्ची की तबीयत खराब होने की बात कहकर स्कूल चलने को कहा. जब मां स्कूल पहुंची तो उनकी पुत्री मृत अवस्था में पड़ी मिली. इसके बाद विद्यालय स्टाफ बच्ची को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

संयुक्त चिकित्सालय रामनगर के चिकित्सक डॉ. संदीप सिंह पांगती ने बताया कि, बालिका को सुबह करीब आठ बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि उसकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी. मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई.

स्कूल के प्रबंधक संदीप रावत का कहना है कि, बच्ची कुपोशित थी. शुक्रवार को माता पिता बच्ची से मिलकर भी गए थे. स्कूल की तरफ से कोई लापरवाही नहीं हुई है.

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score