[aioseo_breadcrumbs]

पटेलनगर में बैंककर्मी पर फायरिंग, पेट को छूकर निकली गोली; बाइक सवार युवकों की तलाश में जुटी पुलिस

Share Now

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहे एक निजी बैंककर्मी पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई। घायल युवक को उपचार के लिए श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

बड़ोवाला के पास स्कूटर के सामने रोकी बाइक

जानकारी के मुताबिक, डीएसपी चौक निवासी सत्यम पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ोवाला के पास एक बाइक सवार युवकों ने अचानक उनके स्कूटर के सामने बाइक रोक दी।

सत्यम ने स्कूटर रोक दिया। इसी दौरान बाइक सवार युवकों में से एक ने उन पर गोली चला दी। गोली सत्यम के पेट को छूते हुए निकल गई। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।

अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल सत्यम को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कर संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच

सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, पुलिस घटना के संबंध में सत्यम की चचेरी बहन से भी जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने किसी विवाद की जानकारी नहीं दी है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

17 दिन में फायरिंग की दूसरी घटना

पटेलनगर क्षेत्र में 17 दिनों के भीतर फायरिंग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 20 अगस्त को भी दो पक्षों के बीच विवाद के बाद शिमला बाईपास तिराहे पर फायरिंग हुई थी, जिसमें एक युवक को गोली लग गई थी।

उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई थी। अब ताजा फायरिंग की घटना के बाद पटेलनगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score