[aioseo_breadcrumbs]

उफनती बीन नदी में पलटी मैक्स, जान बचाने को जूझते रहे 2 लोग; SDRF ने रात में किया साहसिक रेस्क्यू

Share Now

देहरादून/ऋषिकेश। भारी बारिश के कारण ऋषिकेश की बीन नदी उफान पर है। इसी बीच तेज बहाव के बीच एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया। वाहन में फंसे दो लोगों की जान पर बन आई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रात के अंधेरे, तेज बहाव और नदी में खिसक रहे वाहन के बीच SDRF जवानों के लिए बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचते ही जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के अंदर फंसा हुआ था।

लगातार बढ़ते जलस्तर और नदी के तेज बहाव के कारण बचाव अभियान बेहद जोखिम भरा हो गया था। पानी के तेज बहाव में मैक्स वाहन अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक बह गया।

स्थिति को देखते हुए SDRF की अतिरिक्त टीम को भी मौके पर बुलाया गया। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ाया।

दोनों टीमों ने समन्वय के साथ जोखिम उठाते हुए वाहन तक पहुंच बनाई। इसके बाद वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार मैक्स वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था। चालक ने उफनती बीन नदी में वाहन उतार दिया. जिसके बाद तेज बहाव के कारण वाहन पलट गया।

SDRF की त्वरित कार्रवाई से वाहन में फंसे दोनों लोगों की जान बच गई। रेस्क्यू के बाद दोनों को अस्पताल भेज दिया गया।

उत्तराखंड में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। देहरादून मौसम विभाग की ओर से आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। बरसात के दौरान उफनती नदियों को पार करने या उनमें वाहन उतारने से बचने की सलाह दी गई है।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score