नई दिल्ली देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर उत्तराखंड की बेटी ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के तहत आयोजित ‘AI for Good: Hackathon on AI for agri-food systems’ में गार्गी जोशी ने अपनी टीम के साथ प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। ग्राम सूपीभगवानपुर मोटाहल्दू निवासी गार्गी जोशी, सूबेदार मेजर सतीश चंद्र जोशी एवं श्रीमती जया जोशी की सुपुत्री व सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चन्द्र जोशी की भतीजी हैं। वर्तमान में गार्गी जोशी तेलंगाना में बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं।
कृषि और खाद्य प्रणालियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्रांतिकारी और इनोवेटिव इस्तेमाल के लिए उन्हें ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का विजेता चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के कई देशों (जैसे फ्रांस, जर्मनी, जापान, इटली, फिनलैंड, इज़राइल,ईरान,डेनमार्क सहित 13 देश) के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच भारतीय युवाओं के इस स्टार्टअप और तकनीक को शीर्ष स्थान मिला। गार्गी जोशी की इस शानदार सफलता पर उनके पूरे परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि दिखाती है कि कैसे आज की युवा पीढ़ी आधुनिक तकनीक के जरिए देश की खेती और किसानों के भविष्य को संवारने में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही है।



