Home » उत्तराखंड » रिश्वत लेते पकड़ा गया सरकारी अकाउंटेंट, अल्मोड़ा में सतर्कता की बड़ी कार्रवाई

रिश्वत लेते पकड़ा गया सरकारी अकाउंटेंट, अल्मोड़ा में सतर्कता की बड़ी कार्रवाई

Share Now

अल्मोड़ा जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। इस टेंडर से जुड़ी एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी अकाउंटेंट द्वारा लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार किया जा रहा था।

मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने पूरा जाल बिछाया। तय योजना के तहत आज 08 अप्रैल 2026 को टीम ने ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में ट्रैप ऑपरेशन चलाया।

जैसे ही आरोपी हर सिंह बिष्ट ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार के पद पर तैनात था और अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार करने वालों पर अब सख्त नजर रखी जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score