[aioseo_breadcrumbs]

लोहाघाट कांग्रेस में गुटबाजी, मुन्ना ढेक ने दी निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी

Share Now

लोहाघाट/चम्पावत। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के लोहाघाट दौरे के दौरान आयोजित जनसभा में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी सामने आ गई। मंच पर मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को संबोधन का मौका नहीं मिलने से उनके समर्थक नाराज हो गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जनसभा में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभा में वक्ताओं ने भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा, लेकिन मंच पर हुए हंगामे ने राजनीतिक चर्चा का रुख पार्टी की अंदरूनी खींचतान की ओर मोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि लोहाघाट विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट के दावेदार मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। इससे नाराज उनके समर्थकों ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की। इस दौरान प्रदेश प्रभारी के सामने भी समर्थकों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।

मनोहर सिंह ढेक ने कहा कि वह लोहाघाट विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार हैं और लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें जनसभा में अपनी बात रखने तक का मौका नहीं दिया गया।

टिकट नहीं बदला तो निर्दलीय लड़ूंगा चुनाव

मनोहर सिंह ढेक ने स्पष्ट कहा कि यदि लोहाघाट विधानसभा सीट पर प्रत्याशी नहीं बदला गया तो वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस में टिकट को लेकर चल रही खींचतान और चर्चा तेज हो गई है।

गौरतलब है कि लोहाघाट विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल और मनोहर सिंह ढेक सहित अन्य नेताओं की दावेदारी की चर्चा है। इससे पहले चिराग फर्त्याल के समर्थक भी शक्ति प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी जता चुके हैं।

कुमारी शैलजा की जनसभा संपन्न होने के बाद अब लोहाघाट कांग्रेस में टिकट को लेकर जारी असंतोष और नेताओं के बीच आपसी खींचतान चर्चा का विषय बन गई है।

Static 1 Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score