[aioseo_breadcrumbs]

रामनगर में तेज रफ्तार स्कूल बस बनी काल, दवाई लेकर लौट रहे युवक की मौके पर मौत, चालक हिरासत में

Share Now

रामनगर। शुक्रवार दोपहर रामनगर क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दवाई लेकर घर लौट रहे 41 वर्षीय ग्रामीण की निजी स्कूल बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बस चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम नई बस्ती लालढांग निवासी 41 वर्षीय हरकेश सिंह सैनी शुक्रवार दोपहर दवाई लेने के लिए हिम्मतपुर ब्लॉक गए थे। दवाई लेकर वापस घर लौटते समय हिम्मतपुर ब्लॉक स्थित एक पब्लिक स्कूल के पास अचानक स्कूल बस की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक के भाई चंद्र मोहन ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद हरकेश सिंह का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score