Home » उत्तराखंड » लालकुआं में अवैध शराब का वायरल VIDEO! 1 हफ्ते में कार्रवाई नहीं तो होगा बड़ा जनआंदोलन

लालकुआं में अवैध शराब का वायरल VIDEO! 1 हफ्ते में कार्रवाई नहीं तो होगा बड़ा जनआंदोलन

Share Now

लालकुआं।
लालकुआं क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। गौला गेट, देवरामपुर, हल्दुचौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से कच्ची व देसी शराब बेचे जाने के आरोपों के बीच एक टीम लगातार सक्रिय नजर आ रही है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व हाईवे किनारे मोती नगर क्षेत्र में कथित रूप से बिक रही अवैध शराब का भंडाफोड़ किया गया था। उस कार्रवाई के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। इसी क्रम में अब बेरीपड़ाव गेट क्षेत्र में अवैध रूप से बिक रही देसी शराब का एक वीडियो सार्वजनिक रूप से साझा किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में कथित तौर पर खुले में शराब की बिक्री दर्शाई गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में शराब बिक्री के कई ठिकाने आम नागरिकों को ज्ञात हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। नागरिकों के बीच यह चर्चा भी है कि यदि आम आदमी को प्रत्येक स्थान की जानकारी है, तो संबंधित विभागों को भी इसकी जानकारी होना स्वाभाविक है।

चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर लालकुआं क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर सप्लाई चेन तक पहुंचने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

उधर, आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्षेत्र में लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और बढ़ते जनदबाव के बाद क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रस्तावित आंदोलन क्षेत्र में बड़ा रूप ले सकता है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score