Home » उत्तराखंड » हल्द्वानी के होटल में हंगामा, कमरा नहीं देने पर मैनेजर से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी के होटल में हंगामा, कमरा नहीं देने पर मैनेजर से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Share Now

कमरे के लिए इंकार करने पर युवकों ने मैनेजर को बेल्ट और लोहे के कड़े से पीटा. जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया.

हल्द्वानी: गौलापार क्षेत्र के एक होटल में मंगलवार रात उस समय हंगामा मच गया जब थार गाड़ी में सवार कुछ युवक कमरे की मांग को लेकर विवाद पर उतर आए. होटल प्रबंधन ने संदिग्ध व्यवहार देखते हुए कमरा देने से इंकार किया. जिसके बाद युवकों ने होटल मैनेजर पर ही हमला बोल दिया. युवकों ने मैनेजर को लोहे के कड़े और बेल्टों से पीटकर लहूलुहान कर दिया. घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

मामले की जानकारी मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों गौरव रावत, करण नौला और दीपांशु मेहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, गौलापार स्थित होटल का संचालन आकाश गोयल द्वारा लीज पर किया जा रहा है. होटल का कामकाज रमेश जोशी बतौर मैनेजर देखते हैं. मंगलवार देर रात थार गाड़ी से कुछ युवक होटल पहुंचे. उन्होंने कमरे की मांग की. युवकों के हाव-भाव संदिग्ध लगने पर मैनेजर रमेश जोशी ने उन्हें कमरा देने से मना कर दिया. इस पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे.

विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपने हाथ में पहना लोहे का कड़ा निकालकर मैनेजर के सिर पर वार किया. दूसरे युवकों ने बेल्ट से मैनेजर पर हमला कर दिया. मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की गई. घटना के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल मैनेजर रमेश जोशी को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद होटल संचालक आकाश गोयल ने काठगोदाम थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score