Home » उत्तराखंड » पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी मौत प्रकरण, मामले की होगी मजिस्ट्रेट जांच, जानें पीएम रिपोर्ट में क्या आया

पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी मौत प्रकरण, मामले की होगी मजिस्ट्रेट जांच, जानें पीएम रिपोर्ट में क्या आया

Share Now

देहरादून: पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. मामले में एक पुलिस कर्मी सस्पेंड और 4 पुलिस कर्मी पुलिस लाइन अटैच किए जा चुके हैं. जबकि अब देहरादून एसएसपी की तरफ से एक ओर एक्शन लिया गया है. पूरे मामले की न्यायिक जांच मजिस्ट्रेट द्वारा की जाएगी.

देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि, रायपुर पुलिस स्टेशन में हुई पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की मौत के मामले में विशेषज्ञ डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम किया गया.

डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ‘फांसी’ बताया है. हालांकि, मौत के कारण को स्पष्ट करने और मृतक के परिजनों द्वारा जताई गई चिंताओं को देखते हुए विसरा को सुरक्षित रख लिया गया है और आगे की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा जाएगा. इस पूरे मामले की न्यायिक जांच मजिस्ट्रेट द्वारा की जाएगी.
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी देहरादून-

देहरादून में पुलिस हिरासत में लिए गए पीआरडी जवान की मौत से हड़कंप मचा हुआ है. मामला रायपुर थाना क्षेत्र का है जहां शराब के नशे में हंगामा करने पर एक पीआरडी जवान को पुलिस हिरासत में लिया गया था. पुलिस का दावा है कि 112 के जरिए लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने की जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे पीआरडी जवान को रायपुर थाने ले आई.

इसके बाद पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी को थाने की हवालात में बंद किया गया था. कुछ घंटे बाद जब पुलिस ने हवालात में देखा तो उक्त शख्स बेहोशी की हालत में मिला. पुलिस का कहना है कि व्यक्ति ने हवालात में मौजूद चादर से ही फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में मृतक व्यक्ति के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और मामले में जांच करने की मांग भी की है.

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों का आरोप है कि मामले में कई पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और केवल आत्महत्या बताकर मामले को खत्म नहीं किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि थाने के भीतर किसी व्यक्ति का इस तरह मौत के घाट उतरना गंभीर सवाल खड़ा करता है.

उधर, संवेदनशील स्थिति को देखते हुए डालनवाला थाना से उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया था. आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया. इस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया.

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यही वजह है कि प्रारंभिक स्तर पर ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले उपनिरीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है. इसके अलावा एसएचओ समेत 4 पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है.

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score