Home » उत्तराखंड » हल्द्वानी में ‘Run for Awareness’: CM धामी ने दिया नशामुक्त उत्तराखंड का संदेश

हल्द्वानी में ‘Run for Awareness’: CM धामी ने दिया नशामुक्त उत्तराखंड का संदेश

Share Now

हल्द्वानी में रविवार को नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।

रैली को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ और नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ेंगे, तो पूरे प्रदेश में यह संदेश जाएगा कि उत्तराखंड का युवा नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कह रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जो धीरे-धीरे युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। उन्होंने इसे “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति पर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि नशे की लत से प्रभावित लोगों को उचित उपचार मिल सके।

उन्होंने युवाओं के लिए बनाए गए ‘दगड़िया क्लब’ का भी उल्लेख किया, जो युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा देना सरकार की प्राथमिकता है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में केवल कानून ही नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, तभी ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ का लक्ष्य पूरा हो सकेगा।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score