लालकुआं। कहते हैं प्रतिभा अपना जलवा हर हाल में दिखा देती है, ऐसा ही जबरदस्त प्रदर्शन लालकुआं क्षेत्र के दो दिव्यांग पैरा खिलाड़ियों ने करके सभी लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया है। यहां नैनीताल जनपद स्थित हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र गुणवंत और संतोष अधिकारी ने एक बार फिर से अपने जज्बे एवं मेहनत के बल पर साबित कर दिया कि इंसान यदि ठान ले तो किसी भी चुनौती को मात दे सकता है। राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी भुवन गुणवंत और संतोष अधिकारी ने एक बार फिर से अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।भुवन गुणवंत ने आसाम के गुवाहाटी में दिनांक 26, 27 एवं 28 मार्च को आयोजित द्वितीय पैरा लॉन बॉल राष्ट्रीय चैंपियनशिप मैं उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान पक्का किया। यह प्रतियोगिता पैरालंपिक कमेटी ऑफ़ इंडिया (पी सी आई) के तत्वावधान में, पैरा इंडियन लॉन बॉल्स फेडरेशन के सहयोग तथा ऑल असम पैरा लॉन बॉल्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में भुवन गुणवंत ने
ट्रिपल स्पर्धा में रजत पदक (द्वितीय स्थान) तथा डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक (तृतीय स्थान) प्राप्त कर सफलता हासिल की। भुवन चंद्र गुणवंत और संतोष अधिकारी की इस उपलब्धि पर उनके परिवार जनों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों एवं राष्ट्रीय संगठन सक्षम में हर्ष का माहौल है।




