– पति जंगल से लेकर आया था मशरूम, सब्जी खाने के बाद दोनों की हालत बिगड़ी, अल्मोड़ा के लमगढ़ा की घटना
Death due to eating wild mushrooms, DDC : उत्तराखंड में जंगली मशरूम खाने से मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। अल्मोड़ा जिले एक बार फिर जंगली मशरूम की सब्जी खाने से मजदूर महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पति की हालत नाजुक बनी हुई है। महिला का डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
मूलरूप से पलियाकला लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश निवासी शिवलाल व उनकी 23 वर्षीय पत्नी प्रिया देवी अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करते थे। पुलिस के अनुसार सात अगस्त को शिवलाल जंगल से मशरूम लेकर आया था। पत्नी ने रात को सब्जी बनाई और दोनों ने मिलकर खाना खाया।
बताया जाता है कि खाना खाने के कुछ देर बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में दोनों को अल्मोड़ा अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर अगले ही दिन दोनों को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां बुधवार को प्रिया की मौत हो गई।
बता दें कि कुछ दिनों पहले लोक गायक गणेश मर्तोलिया की बहन व नानी की जंगली मशरूम खाने से मौत हो गई थी।




