मसूरी: उत्तराखंड में पर्यटकों के हब मसूरी से सटे कैंपटी में रविवार को गोलियों की तड़तोड़ सुनाई दी। ग्रामीणों का आरोप है कि दो वाहन में सवार अज्ञात युवकों ने कैंपटी गांव में प्रवेश कर युवती से अभद्रता की। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्टल निकाली और खुला पांच राउंड हवाई फायरिंग की।
ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय अनुज थपलियाल के अनुसार, हरियाणा और उत्तराखंड नंबर की दो गाड़ियों में सवार युवकों ने अभद्रता की। विरोध करने पर उन्होंने ग्रामीणों पर पिस्टल तानी, जिससे माहौल भयावह हो गया, लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे और दो बदमाशों को दबोच लिया तथा पीटा। बाकी युवक जंगल का फायदा उठाकर भाग गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस (कैंपटी) को स्थिति को संभालने में मुश्किल हुई, इसलिए मसूरी पुलिस को बुलाना पड़ा।
मसूरी के कोतवाल संतोष कुँवर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। भारी भीड़ और आक्रोश के बीच दोनों अपराधियों को पुलिस ने भीड़ से सुरक्षित निकालकर मसूरी उप- जिला चिकित्सालय लाया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें डून मेडिकल कॉलेज (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल कैंपटी पुलिस का एसआई भी है, जिन्हें इसी चिकित्सालय में लाया गया।
पुलिस ने दो वाहनों (हरियाणा नंबर HR-26 FU 1480 टाटा नेक्सॉन और उत्तराखंड नंबर UK-07BR 3995 हुंडई एक्सेंट) को जब्त कर लिया। गांव में तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाहर से आए युवक गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। विरोध होने पर उन्होंने गोली चला दी। गांव वालों की मांग है कि पुलिस सख्त कार्रवाई करे और आरोपियों पर गैंगस्टर जैसी धाराएँ लगाई जाएं।
मसूरी कोतवाल ने बताया कि घायल युवक सोवीर मल्ल (पुत्र अड़ी मल्ल, उत्तरप्रदेश) व सुखचेन (पुत्र बल जीत सिंह, पंजाब) को मसूरी अस्पताल लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। साथ ही 5–6 अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की पूरी जानकारी जल्दी सामने आ जाएगी। फिलहाल कैंपटी क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और शांति बनी हुई है।
मसूरी और टिहरी पुलिस मिलकर अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।
मसूरी उप- जिला चिकित्सालय के डॉक्टर डॉ. पांटी ने बताया कि एक घायल युवक सुबह, दूसरा दोपहर में अस्पताल लाया गया। दोनों पर गंभीर चोटें थीं तथा उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। एसआई भी घायल हुए हैं और उन्हें देहरादून इलाज के लिए भेजा गया है।




