हल्द्वानी। आगामी 27 सितंबर को होने वाले महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2025 और मतगणना के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 27 सितंबर की सुबह 9 बजे से मतगणना पूरी होने तक लागू रहेगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव और मतगणना के दौरान नैनीताल रोड में माल वाहनों और आवश्यक सेवाओं से इतर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा। इन वाहनों को बाईपास मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
डायवर्जन व्यवस्था
- तिकोनिया से काठगोदाम की ओर जाने वाले वाहन भोटियापडाव चौकी के सामने से डायवर्ट होकर सड़क के दाहिने हिस्से से जाएंगे, जबकि काठगोदाम से आने वाले वाहन सीधे अपनी लेन में चलते रहेंगे।
- आवश्यकता पड़ने पर नैनीताल रोड से शहर की ओर आने वाले वाहनों को कॉल्टेक्स/हाइडिल तिराहा से पंचक्की मार्ग की ओर तथा आवास विकास तिराहा से ठंडी सड़क होते हुए तिकोनिया की ओर भेजा जाएगा।
- पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली रोडवेज और निजी बसें तिकोनिया से नैनीताल बैंक तिराहा होते हुए रोडवेज स्टेशन तक पहुंचेंगी।
- शहर से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाली बसें भोटियापडाव चौकी से डायवर्ट होकर महारानी होटल तिराहा तक सड़क के दाहिने भाग से होकर गुजरेंगी।
- महिला डिग्री कॉलेज चुनाव के दौरान अटल रोड से कुल्यालपुरा चौराहे की ओर आने वाले वाहन अटल मार्ग शिव मंदिर/कलावती चौराहे से नगर निगम रोड और नहर कवरिंग रोड होते हुए पानी की टंकी-दोनहरिया- पंचक्की मार्ग से आगे जाएंगे।
- दोनहरिया तिराहा, पानी की टंकी तिराहा और तिकोनिया चौराहे से कुल्यालपुरा चौराहे की ओर सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
- चुनाव और मतगणना ड्यूटी में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहन एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्क किए जाएंगे।
- मतदान करने वाले अभ्यर्थियों के वाहन ठंडी सड़क में पार्क होंगे।
- महिला डिग्री कॉलेज चुनाव/मतगणना ड्यूटी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहन कॉलेज के बाईं ओर सड़क किनारे पार्क किए जाएंगे।
जीरो जोन/बैरियर ड्यूटी
- डिग्री कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग का बायां हिस्सा भोटियापडाव चौकी से महारानी होटल तिराहे तक पूर्ण जीरो जोन घोषित रहेगा।
- डिग्री कॉलेज तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा होते हुए सरस्वती रेस्टोरेंट से महारानी होटल तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- कलावती तिराहा (अटल रोड) से कुल्यालपुरा चौराहा तक टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों पर रोक रहेगी। केवल चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के वाहनों को अनुमति होगी।




