Home » उत्तराखंड » हल्द्वानी: 82 लाख से अधिक की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, काठगोदाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी: 82 लाख से अधिक की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, काठगोदाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share Now

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 06 जनवरी 2026 को काठगोदाम क्षेत्र में कुंवरपुर गौला पुल बाईपास रोड के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल संख्या UK18R 6945 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार व्यक्ति के कब्जे से 275 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नानकमत्ता से स्मैक लाकर हल्द्वानी में अधिक मुनाफे के लिए बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मंजीत सिंह पुत्र संतोक कौर, निवासी टुकड़ी, थाना नानकमत्ता, जनपद उधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इसके विरुद्ध पूर्व में जनपद पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह जेल भी जा चुका है।

बरामद की गई स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 82 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score