Home » उत्तराखंड » हल्द्वानी बड़ी खबर: मुखानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा, शातिर फिरोज गिरफ्तार

हल्द्वानी बड़ी खबर: मुखानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा, शातिर फिरोज गिरफ्तार

Share Now

हल्द्वानी। थाना मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की तीन घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि उसका एक साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस के अनुसार 30 जनवरी और 4 फरवरी 2026 को मुखानी क्षेत्र में तथा 6 फरवरी को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की घटनाएं हुई थीं। आरोपियों ने कभी सामान खरीदने तो कभी पता पूछने के बहाने वारदात को अंजाम दिया। तीनों मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की गई थी।

पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बाइक (HR 29 AF 2325) से कालाढूंगी की ओर से हल्द्वानी आ रहे हैं। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार को दबोच लिया। पीछे बैठा उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी (36) पुत्र नंदराम निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने तीनों घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसके कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा रामपुर (उत्तर प्रदेश) में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित पांच अन्य मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। नैनीताल पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score