Home » देश » धामी सरकार के 4 साल पूरे, 23-25 मार्च तक प्रदेशभर में भव्य आयोजन

धामी सरकार के 4 साल पूरे, 23-25 मार्च तक प्रदेशभर में भव्य आयोजन

Share Now

देहरादून। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 23 से 25 मार्च तक प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ थीम पर वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देहरादून में इसका मुख्य आयोजन 23 मार्च सोमवार को परेड ग्राउंड में होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण प्रदेश के अन्य 12 जिलों में भी किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ शनिवार को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि कार्यक्रम की हर व्यवस्था समय से पूरी हो और आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न दिखे। मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और सफाई को लेकर विभागवार जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रत्येक गतिविधि मिनट-टू-मिनट तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को महिलाओं व युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण व सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण स्टाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था करने को कहा गया है।

विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जल संस्थान स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगा और जिला पूर्ति विभाग जलपान व्यवस्था देखेगा। लोक निर्माण विभाग मंच और बैरिकेडिंग का कार्य करेगा, नगर निगम सफाई व्यवस्था संभालेगा जबकि पुलिस सुरक्षा व यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी।

जिलाधिकारी बंसल ने अधिकारियों से कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए समस्त विभाग अपने दायित्व को गंभीरता से निभाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इन उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी सरकार
सरकार चार वर्ष पूरे होने के मौके पर बुनियादी ढांचे, सड़क परियोजनाओं, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने रखेगी। सूचना विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर साहित्य वितरण के साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जिला मुख्यालयों पर भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित कर उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score