हल्द्वानी, 26 फरवरी 2026। होली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने जनपद नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध मदिरा के खिलाफ सघन चेकिंग और दबिश अभियान चलाया।
अभियान के तहत दौलतपुर, चोरगलिया, हल्दूचौड़ तथा हल्द्वानी के तिकोनिया, सुभाषनगर और रामपुर रोड क्षेत्रों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दौलतपुर क्षेत्र में पूरन सिंह पुत्र प्रताप सिंह के कब्जे से करीब 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश जोशी तथा आबकारी सिपाही राहुल, शीतल, गीता, भास्कर और खुसाल शामिल रहे।




