NDA उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन भारत के उपराष्ट्रपति निर्वाचित, 12 सितंबर को लेंगे शपथ
नई दिल्ली। एनडीए के उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन भारत के 15वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हो गए हैं। उन्हें उपराष्ट्रपति चुनाव में 452 मत मिले, जबकि इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से स्पष्ट जीत दर्ज की।
उनकी जीत के बाद देशभर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का कहना है कि उनका दीर्घ सार्वजनिक जीवन, आदर्श नेतृत्व और सेवा-भाव भारतीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
जीवन परिचय और राजनीतिक यात्रा
सी. पी. राधाकृष्णन का जन्म तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुआ। वे भारतीय जनता पार्टी से लंबे समय से जुड़े रहे हैं और संगठनात्मक व राजनीतिक दोनों स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
वे सांसद भी रह चुके हैं और हाल ही में महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनकी शांत स्वभाव और संतुलित नेतृत्व शैली की अक्सर सराहना की जाती रही है।
शपथ ग्रहण समारोह
संवैधानिक प्रावधानों के तहत उपराष्ट्रपति को शपथ राष्ट्रपति दिलाते हैं। सी. पी. राधाकृष्णन का शपथ ग्रहण समारोह 12 सितंबर 2025 को सुबह 11 बजे आयोजित होने वाला है। शपथ के बाद वे अपने पांच वर्षीय संवैधानिक कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
इंडिया गठबंधन की ओर से उम्मीदवार रहे बी. सुदर्शन रेड्डी ने नतीजों को लोकतंत्र का फैसला मानते हुए राधाकृष्णन को बधाई दी, लेकिन साथ ही कहा कि विपक्ष अपनी वैचारिक लड़ाई को आगे भी जारी रखेगा।





