Home » उत्तराखंड » लालकुआं में NDRF का बड़ा प्रशिक्षण: सेंचुरी पल्प एंड पेपर में दो दिन तक चला सुरक्षा अभ्यास

लालकुआं में NDRF का बड़ा प्रशिक्षण: सेंचुरी पल्प एंड पेपर में दो दिन तक चला सुरक्षा अभ्यास

Share Now

नैनीताल के जिला अधिकारी के निर्देशानुसार सेंचुरी पल्प एंड पेपर, लालकुआँ में 24 एवं 25 फरवरी को आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गदरपुर की विशेषज्ञ टीम ने किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों को संभावित आपदाओं के प्रति सजग, प्रशिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान भूकंप, बाढ़ और अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, समन्वय व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से कर्मचारियों को वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव दिया गया। मिल के विभिन्न विभागों के लगभग 100 कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।

इस अवसर पर मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में आपदा प्रबंधन किसी भी उद्योग के लिए औपचारिकता नहीं, बल्कि अनिवार्य जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं को देखते हुए प्रत्येक उद्योग को सतर्क, संगठित और प्रशिक्षित रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, “सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संकट की घड़ी में संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण, त्वरित निर्णय क्षमता और टीमवर्क होता है। यदि कर्मचारी संयम और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें तो संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।”

एनडीआरएफ के कमांडेंट कनिष्क पांगती ने भी औद्योगिक सुरक्षा में प्रशिक्षण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्र ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की सहायक प्रबंधक सीमा बिष्ट, महाप्रबंधक संजय बाजपेयी, सुधीर कौल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी पंकज धूलिया, चिकित्साधिकारी डॉ. पवन दत्ता, इन्द्रदेव झा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा भविष्य में नियमित रूप से ऐसे प्रशिक्षण आयोजित करने का संकल्प लिया गया। यह आयोजन मिल परिसर में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score