चंपावत जिले के बनबसा में एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. जिसमें महिलाएं और बच्चे घायल हो गए.
खटीमा: चंपावत जिले के बनबसा इलाके में फिर सड़क हादसा हुआ है. जहां मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. जिसके बाद सड़क पर पलट गया. हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं. जिसमें से 4 घायलों का इलाज टनकपुर उप जिला अस्पताल में चल रहा है. जबकि, दो अन्य घायलों को इलाज के लिए खटीमा ले जाया गया है. वहीं, हादसे के बाद मैजिक चालक मौके से फरार हो गया.
डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलटा मैजिक वाहन: जानकारी के मुताबिक, गुरुवार यानी 23 अक्टूबर को टनकपुर से खटीमा जाते वक्त एक मैजिक टैक्सी वाहन संख्या UK 06 TA 3322 बनबसा के पाटनी तिराहे के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई. हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
घायलों में बच्चे और महिलाएं शामिल, मैजिक चालक मौके से फरार: वहीं, हादसे के बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायलों को खटीमा ले जाया गया. जबकि, दो बच्चे समेत चार घायलों को टनकपुर लाया गया. जिनका अभी उपचार जारी है. बताया जा रहा है मैजिक पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया. जिसकी अब पुलिस तलाश कर रही है. जबकि, मैजिक को कब्जे में ले लिया गया है.





