रामनगर के ग्राम पटरानी नंबर दो, मालधन क्षेत्र में सोमवार को 24 वर्षीय प्रीति देवी पत्नी अक्षय कुमार ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने जब प्रीति को कमरे में फंदे से लटका देखा तो आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि महिला का पंचनामा भरकर शव को सरकारी अस्पताल, रामनगर की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्यवाही मंगलवार सुबह की जाएगी।
पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली है। मृतका के दो बच्चे हैं और उसका पति अक्षय कुमार प्राइवेट नौकरी करता है।
महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।





