[aioseo_breadcrumbs]

बिंदुखत्ता में सांस्कृतिक सभागार बनेगा, सीएम धामी ने की घोषणा

Share Now

लोकथात महोत्सव में स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, पैतृक गांव में विद्यालय और स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा

बिंदुखत्ता (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्व. मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, सामाजिक चेतना, मातृशक्ति का संघर्ष और अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम झलकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीतों के माध्यम से स्व. मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों का संदेश दिया। वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों ने अपनी जन्मभूमि और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात महोत्सव जैसे आयोजन उत्तराखंड की लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। आधुनिकता के दौर में इसे सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बिंदुखत्ता के विकास कार्यों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है, जबकि विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर चल रही कार्रवाई

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने वनाधिकार समिति, बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित जनसमस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score