[aioseo_breadcrumbs]

विधायक हरीश धामी को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर रोक

Share Now

नैनीताल। पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में हुए हंगामे और मंच पर तोड़फोड़ के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को उत्तराखंड हाईकोर्ट से राहत मिली है। सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदेश पारित करते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद 15 नवंबर को पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत आवश्यक नोटिस दिए बिना ही मामले में चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में याचिकाकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग की थी।

याचिका में सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले का हवाला देते हुए कहा गया कि सात वर्ष से कम सजा वाले अपराधों में गिरफ्तारी से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नोटिस के प्रावधानों का पालन किया जाना आवश्यक है। याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि पुलिस ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया।

वहीं, सरकार की ओर से अदालत में कहा गया कि जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया गया और मंच पर लगे पोडियम में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और याचिका का निस्तारण कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे। विधायक का आरोप था कि उन्हें कार्यक्रम में मंच से संबोधन का अवसर नहीं दिया गया और जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने माइक फेंक दिया और मंच पर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की।

घटना के बाद जौलजीबी पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 18 नवंबर को मामले में चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश से विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को गिरफ्तारी से राहत मिली है।

Static 1 Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score