[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून में दर्दनाक हादसा: जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकलने वाली गैस के कारण दम घुटने से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

तकनीकी खराबी की जांच के लिए रात में जनरेटर रूम पहुंचे थे दोनों इंजीनियर

मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश पुत्र रामसागर निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और कंपनी में इंटरनेट मेंटेनेंस का काम संभालते थे।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी खराबी आ गई थी। समस्या का पता लगाने के लिए दोनों इंजीनियर जनरेटर रूम में गए थे। इसके बाद बुधवार सुबह कंपनी के गार्ड ने दोनों को कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही पटेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों इंजीनियरों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

जनरेटर से निकली गैस से दम घुटने की आशंका

पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से दोनों इंजीनियरों की मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि जनरेटर रूम में गैस जमा होने के क्या कारण थे और घटना के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score