[aioseo_breadcrumbs]

रायवाला में 65 वर्षीय महिला की हत्या का खुलासा, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार

Share Now

पुश्तैनी जमीन में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर चल रहा था विवाद, पुलिस के मुताबिक बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश

देहरादून। रायवाला थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका की बेटी शिल्पा थापा और उसके परिचित शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुश्तैनी जमीन में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर शिल्पा का अपनी मां और भाई के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने कथित तौर पर मां की हत्या की साजिश रची।

21 सितंबर को घर में मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को खजानी देवी अपने घर से लापता हो गई थीं। उनके घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। देर रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां खजानी देवी बाथरूम में मृत अवस्था में मिलीं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 22 सितंबर को रायवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

छह पुलिस टीमों ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए छह टीमों का गठन किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की सहायता से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की भी मदद ली।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिल्पा का पुश्तैनी जमीन को लेकर अपनी मां के साथ विवाद चल रहा था। वहीं, शिव नारायण पांडे घटना से पहले और उसके आसपास क्षेत्र में मौजूद था। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया।

700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

आरोपी की तलाश में पुलिस ने करीब 500 होटल और धर्मशालाओं की जांच की। इसके अलावा बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों सहित करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने शिव नारायण पांडे को 25 सितंबर को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज आश्रम से गिरफ्तार कर लिया।

जमीन में हिस्सा और गृहस्थी बसाने का दिया लालच

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिव नारायण ने शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का दावा है कि शिल्पा ने शिव नारायण को अपनी मां खजानी देवी के संबंध में गलत जानकारी दी और बताया कि वह उसकी सौतेली मां है। पुलिस के मुताबिक, शिल्पा ने शिव नारायण को भरोसा दिलाया था कि मां की मौत के बाद उसे पुश्तैनी जमीन में हिस्सा मिलेगा और जमीन बेचकर दोनों साथ में गृहस्थी बसा सकेंगे।

गला दबाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कथित साजिश के तहत शिव नारायण 21 सितंबर को खजानी देवी के घर पहुंचा। मौका पाकर उसने कथित तौर पर खजानी देवी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घर के बाहर ताला लगाकर वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score