[aioseo_breadcrumbs]

महंगे शौक पूरे करने के लिए चुराई स्कूटी, बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा

Share Now

सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में वाहन चोरी का खुलासा, 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार; चोरी की एक्टिवा बरामद

देहरादून, 11 सितंबर 2026। सेलाकुई थाना पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने खर्चों और महंगे शौक पूरे करने के लिए स्कूटी चोरी की थी। वह चोरी के वाहन को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को गौतम पुत्र पवन कुमार, निवासी बदरपुर, पांवटा साहिब, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में कृष कंपनी के पास खड़ी उनकी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी संख्या HP17E-2855 अज्ञात चोर ने चोरी कर ली।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 137/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

वाहन चोरी की घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई और पतारसी-सुरागरसी शुरू की।

पुलिस को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने 10 सितंबर को मिलन चौक से नदी की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई एक्टिवा भी बरामद कर ली गई।

औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता था आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील सिंह कुंवर (22) पुत्र हरि सिंह कुंवर, निवासी ग्राम लंगसी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सेलाकुई क्षेत्र के एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने खर्चों और महंगे शौक पूरे करने के लिए स्कूटी चोरी की थी। चोरी के बाद वह उसे बेचने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी

  • सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी
  • वाहन संख्या HP17E-2855

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल संदीप कुमार, इरशाद और बीर सिंह शामिल रहे।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score