[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, नौकर गिरफ्तार; बकाया पैसों को लेकर हुआ था विवाद

Share Now

12 घंटे में पुलिस ने किया हत्याकांड का पर्दाफाश, महिला के सोने के कड़े लेकर फरार हुआ था आरोपित

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित घरेलू नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर महिला और नौकर के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पकड़े जाने के डर से आरोपित ने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित महिला के सोने के कड़े लेकर फरार हो गया था।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चिकित्सकों को मौके पर बुलाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बकाया पैसों को लेकर नौकर से हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रेखा बंसल का घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार से बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। विनीत कुमार ग्राम मंजयाली, बड़कोट, उत्तरकाशी का निवासी है और वर्तमान में नेहरू कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला के चिल्लाने पर विनीत को पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी दौरान उसने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।

12 घंटे के भीतर आरोपित गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उपलब्ध सुरागों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपित विनीत कुमार को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना के दौरान हुई गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score