लालकुआं। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर लालकुआं में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुद्धिकरण हवन-यज्ञ को अनुसूचित जाति और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सोमवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता लालकुआं कोतवाली पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी। कांग्रेस नेताओं ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
8 अगस्त की जनसभा के बाद हुआ था कथित शुद्धिकरण
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा आयोजित की गई थी। इसके बाद 10 अगस्त को कुछ लोगों की ओर से रामलीला मैदान में कथित तौर पर शुद्धिकरण हवन-यज्ञ किया गया।
कांग्रेस ने इस कार्यक्रम पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि ऐसा कृत्य जातिगत भावनाओं को आहत करने वाला है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
महेंद्र भट्ट समेत 15 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हिंदूवादी नेता गिरीश पांडे समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों की ओर से जातिगत भावनाओं को भड़काने और ऐसे कृत्यों का समर्थन करने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समाज में सामाजिक सौहार्द और शांति बिगाड़ने वाली किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुकदमों और दबाव से डरने वाले नहीं हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस को तहरीर सौंपे जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है। कांग्रेस ने सभी संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ये नेता रहे मौजूद
तहरीर देने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह खनवाल, हरेंद्र बोरा, कुंदन सिंह मेहता, बीना जोशी, गोविंद भट्ट, प्रमोद कलोनी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, हेमंत पांडे, त्रिलोक सिंह बिष्ट, त्रिलोक वर्मा, पुष्कर दानू, लक्ष्मण धपोला, मुन्ना बिष्ट, कांग्रेस बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष मीना जोशी, कपिल और हरीश भट्ट समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





