[aioseo_breadcrumbs]

दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार, दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Share Now

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों के आधार पर की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई जारी

देहरादून। कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता की कथित दहेज हत्या के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को उनके आवास से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीमती सीमा कण्डारी, पत्नी स्वर्गीय सुमेर सिंह कण्डारी, निवासी श्रीकोट (निकट गैस गोदाम), श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली डोईवाला में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री, निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून के साथ हुआ था।

शिकायत के अनुसार, विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी तथा ननद सुरभि उर्फ चारू खत्री ने मिलकर सृष्टि की हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 223/26 धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत सौरभ खत्री व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विवेचना का दायित्व क्षेत्राधिकारी डोईवाला सुश्री वंदना वर्मा को सौंपते हुए उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम को शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। मृतका की मां द्वारा उपलब्ध कराई गई एक वीडियो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आई, जिसमें सृष्टि कण्डारी ने विवाह के बाद अपने साथ हो रही कथित प्रताड़ना का उल्लेख किया था। इसके अतिरिक्त पुलिस ने अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए।

प्राप्त साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर विशेष टीम ने 1 अगस्त 2026 को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला स्थित आवास से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • सौरभ खत्री (पुत्र स्वर्गीय मनोहर खत्री), उम्र 36 वर्ष
  • सुरभि खत्री उर्फ चारू (पुत्री स्वर्गीय मनोहर खत्री), उम्र 37 वर्ष

दोनों निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, कोतवाली डोईवाला, जनपद देहरादून हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है तथा विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Static 1
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score