[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून: धर्मावाला में मेडिकल स्टोर पर STF की बड़ी कार्रवाई, ट्रामाडोल के 112 नशीले कैप्सूल बरामद, संचालक गिरफ्तार

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 जुलाई 2026 की देर रात एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि निरीक्षक और थाना सहसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान धर्मावाला चौक स्थित सांई मेडिकल स्टोर से ट्रामाडोल युक्त 112 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए, जिसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक जोनी सैनी (37 वर्ष), पुत्र शिवराम सैनी, निवासी धर्मावाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के प्रतिष्ठान की जांच की। निरीक्षण में दुकान के गल्ले के नीचे रखे एक प्लास्टिक कंटेनर से SPASMED (Dicyclomine HCL, Tramadol HCL एवं Acetaminophen) के 14 पत्ते, कुल 112 कैप्सूल बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार ट्रामाडोल युक्त कैप्सूलों के क्रय-विक्रय से संबंधित वैध अभिलेख मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इन कैप्सूलों को नशा करने वाले लोगों को फुटकर में बेचकर अवैध लाभ कमाता था।

इसके बाद एसटीएफ और सहसपुर पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध थाना सहसपुर में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों तथा नशीले कैप्सूलों की आपूर्ति श्रृंखला की भी विस्तृत जांच कर रही है।

बरामदगी

  • SPASMED (ट्रामाडोल युक्त) के 14 पत्ते
  • कुल 112 नशीले कैप्सूल

गिरफ्तार आरोपी

  • जोनी सैनी, पुत्र शिवराम सैनी
  • उम्र: 37 वर्ष
  • निवासी: धर्मावाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून

एसएसपी एसटीएफ की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score