[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून: कैफे के बाहर फायरिंग मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद

Share Now

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में दून मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का देहरादून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण किया। पुलिस के अनुसार, फायरिंग की वारदात डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते हुई थी।

19 जुलाई को हुई थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) निवासी सन्नी चौधरी ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्वास्तिक कैफे के बाहर शुभम और युवराज ने जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्टल से फायरिंग की।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु.अ.सं. 439/2026 के तहत धारा 109(1) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 21 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी जाने वाली सड़क से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला विवाद का कारण

पूछताछ में आरोपी शुभम ने बताया कि उसका और वादी सन्नी चौधरी का करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन था। दोनों पहले अच्छे मित्र थे, लेकिन पैसों के विवाद के कारण उनके संबंध बिगड़ गए। दोनों एक-दूसरे को बदनाम करने लगे थे।

आरोपी के अनुसार, उसने कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सन्नी उससे मिलने को तैयार नहीं था। घटना वाली रात उसे जानकारी मिली कि सन्नी उसके एक दोस्त के पीजी हॉस्टल के पास मौजूद है। इसके बाद वह वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में उसने अपने पास मौजूद पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली सन्नी को नहीं लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • शुभम पंवार पुत्र रविंद्र पंवार
    निवासी: ग्राम डेलना, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार
    उम्र: 27 वर्ष

बरामदगी

  • एक 32 बोर पिस्टल
  • तीन जिंदा कारतूस

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

  • निरीक्षक विनोद गुसाईं, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर
  • उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर, चौकी प्रभारी बाजार
  • उपनिरीक्षक विनय मित्तल
  • हेड कांस्टेबल सुशील कुमार
  • हेड कांस्टेबल मनोज कुमार
  • कांस्टेबल प्रवीण कुमार
  • कांस्टेबल बृजमोहन सिंह
  • कांस्टेबल कैलाश पंवार
Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score