[aioseo_breadcrumbs]

हल्दूचौड़ फ्लाईओवर फिर बना मौत का रास्ता! 77 वर्षीय पूर्व सैनिक को कंटेनर ने कुचला, इलाके में आक्रोश

Share Now

Haldwani: हल्दूचौड़ फ्लाईओवर के पास गुरुवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पेशकारपुर निवासी 77 वर्षीय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला सड़क पार कर दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

गौरतलब है कि इसी हल्दूचौड़ फ्लाईओवर के पास दो दिन पहले भी एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार लोगों की जान ले ली थी। उस दर्दनाक घटना के बाद अब उसी मार्ग पर फिर एक और जानलेवा हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षित पैदल पार मार्ग और सख्त यातायात व्यवस्था लागू नहीं की गई तो ऐसे हादसे भविष्य में भी लोगों की जान लेते रहेंगे।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score