[aioseo_breadcrumbs]

लालकुआं में दो ट्रकों की भीषण आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत, कंडक्टर गंभीर घायल

Share Now

लालकुआं। ट्रांसपोर्ट नगर से आगे मंगलवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सहारनपुर निवासी 37 वर्षीय धीरज सिंह ट्रेलर संख्या HR67F-4990 लेकर बरेली से लालकुआं की ओर आ रहे थे। आरोप है कि सुभाषनगर श्मशान घाट से करीब 200 मीटर आगे पंतनगर की ओर से सामान लेकर आ रहा ट्रेलर संख्या UP25TA-6815 तेज रफ्तार और गलत दिशा में आकर उनके वाहन से टकरा गया।

भीषण टक्कर में चालक ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में धीरज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।

मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर
मृतक के भाई दीपक ने लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर दूसरे ट्रेलर चालक पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों ट्रक जब्त, मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे से संबंधित ई-डीएआर भी भरा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score