[aioseo_breadcrumbs]

देहरादून: शराब के नशे में दोस्त पर चाकू से हमला—आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार बरामद

Share Now

मुजफ़्फ़रनगर से देहरादून घूमने आए अपने दोस्त को चाक़ू मारने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी युवक शराब के नशे में था और प्रेमनगर के दशहरा ग्राउंड के पास दोनों की घर जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद उसने धारदार हथियार से अपने दोस्त के पेट और जांघ पर चाक़ू से वार करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। मामले में रविवार को घायल युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को रजत मलिक ने प्रेमनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। दोनों घूमने के दौरान सेलाकुई स्थित एक अन्य दोस्त के कमरे पर पहुंचे जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद शिवानंद मुजफ्फरनगर वापस लौटने की जिद करने लगा जबकि कृष्णा उसे देहरादून में ही रुकने के लिए कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के मुताबिक वापसी के दौरान प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड के पास दोनों के बीच फिर बहस हुई। आरोप है कि गुस्से में आए शिवानंद ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकालकर कृष्णा के पेट और जांघ पर वार कर दिए और आरोपी मौके से फरार हो गया जबकि गंभीर रूप से घायल कृष्णा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित युवक के भाई की शिकायत पर प्रेमनगर कोतवाली में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पौंधा रोड क्षेत्र से आरोपी 20 वर्षीय शिवानंद बालियान उर्फ शिवा निवासी ग्राम सिसौली मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score