कालाढूंगी (नैनीताल), 14 अप्रैल 2026 — भाकड़ा नदी पुल के पास कालाढूंगी की ओर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी साथी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 3:13 बजे डायल 112 पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही हाईवे मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि पिकअप वाहन (UK 06 AC 9796) और स्कूटी (UK 04 AP 6596) के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई थी।
हादसे में स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भावना रावत (20 वर्ष), निवासी चकलुवा, कालाढूंगी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी युवती नेहा जोशी (करीब 20 वर्ष), निवासी लामाचौड़, की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है और मामले की जांच जारी है।






