हल्द्वानी। जनपद नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए अब उनकी अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में वित्तीय जांच कर संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना हल्द्वानी में पंजीकृत मुकदमा संख्या 359/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। इस मामले में अभियुक्त नारायण दत्त परगाई निवासी ग्राम कुकना, थाना मुक्तेश्वर के खिलाफ पहले ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा की गई वित्तीय जांच में सामने आया कि अभियुक्त के पुत्र सुरेश परगाई के नाम पर कई वाहन दर्ज हैं। इनमें एक अर्टिगा कार (UK04TB-5931) और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। जांच में इन वाहनों को वैध आय से खरीदे जाने के संबंध में कोई संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके आधार पर पुलिस ने संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सक्षम प्राधिकारी (SAFEMA/NDPS Act), नई दिल्ली को फ्रीजिंग ऑर्डर भेजा। प्राधिकारी ने 24 मार्च 2026 को आदेश जारी करते हुए अर्टिगा कार को अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मानते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-B(g) व 68-F(1) के तहत जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत न सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी चिन्हित कर जब्त किया जा रहा है। आने वाले समय में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी।





