Home » उत्तराखंड » हल्द्वानी: युवती से छेड़खानी, बचने को सड़कों पर भागे पीड़ित

हल्द्वानी: युवती से छेड़खानी, बचने को सड़कों पर भागे पीड़ित

Share Now

हल्द्वानी में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मनचलों से परेशान युवती अपने मुंहबोले भाई के साथ जान बचाने के लिए रात में हल्द्वानी की सड़कों पर भागती रही, लेकिन महिला सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस कहीं नजर नहीं आई। इसके बाद चलती बाइक से पीड़िता ने किसी तरह अपने परिवार को फोन कर मदद मांगी। बचने के लिए वह बरेली रोड पर जाकर छुप गई। स्वजनों के पहुंचने के बाद दहशत का दौर खत्म हुआ। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और गाड़ी क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की बहन का सोमवार का बर्थ डे था। जन्मदिन की पार्टी में बहन की सहेलियां भी पहुंची थी। इसमें रामपुर रोड निवासी एक युवती भी थी, जिसे युवक अपनी बहन की तरह ही मानता है। रात में देरी होने पर युवक उसे अपनी बाइक से घर छोड़ने के लिए निकल गया। मिनी स्टेडियम के पास बुलेट सवार दो युवक बाइक में अवैध तरीके से लगाए हूटर बजाते हुए आए और अश्लील टिप्पणियां करन लगे। युवकों ने घूरने की बात कहते हुए बदतमीजी शुरू कर दी।

उनको टोकने पर आरोपियों ने बुलेट से पीछा करने के बाद जेल रोड चौराहे पर गाड़ी रुकवा ली और युवक संग मारपीट की। युवती के बीच-बचाव करने पर उसे भी बाल पकड़ घसीट दिया। खुद को बचाने के लिए किसी तरह बाइक स्टार्ट कर पीड़ित मौके से निकल गए। लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। इसके बाद युवती ने घर में अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी देकर मदद मांगी। घबराकर दोनों समता आश्रम गली के रास्ते बाइक को बरेली रोड पर मोड़ दिया और आड़ लेकर छुप गए। फोन से पुन: संपर्क होने पर युवती का सगा भाई व अन्य लोग भी पहुंच गए, तब जाकर युवक और युवती ने चैन की सांस ली।

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अजय थापा निवासी बड़ी मुखानी पीलीकोठी और अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर के विरुद्ध बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आपराधिक घटना में इस्तेमाल बाइक सीज की गई है। पुलिस के अनुसार अजय फर्त्याल बाजपुर स्थित एक स्कूल में नौकरी कर चुका है।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score