Home » क्राइम » रुद्रपुर : कोचिंग सेंटर संचालक ने छात्रा से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

रुद्रपुर : कोचिंग सेंटर संचालक ने छात्रा से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

Share Now

रुद्रपुर में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक कोचिंग सेंटर संचालक ने मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए अपनी ही नाबालिग शिष्या को होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत और पिता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ट्रांजिट कैंप निवासी विशाल क्षेत्र में ही एक कोचिंग सेंटर संचालित करता है। शहर की एक किशोरी पिछले काफी समय से इस सेंटर में कोचिंग के लिए जाती थी। आरोप है कि तीन दिन पहले जब छात्रा हमेशा की तरह पढ़ने के लिए कोचिंग सेंटर पहुंची, तो संचालक विशाल की नीयत डोल गई। वह किशोरी को बहला-फुसलाकर और झांसा देकर अपने साथ ले गया।
आरोपी शिक्षक उसे शहर के ही एक होटल में ले गया, जहाँ उसने किशोरी की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल ने किशोरी को डराया धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। डरी-सहमी किशोरी पहले तो चुप रही, लेकिन घर पहुँचने पर उसने अपनी हिम्मत जुटाई और आपबीती अपने पिता को सुनाई। शिक्षक की इस करतूत को सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता तुरंत किशोरी को लेकर ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। नाबालिग से दुष्कर्म का मामला होने के कारण पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई।
थानाध्यक्ष मोहन पांडे की अगुवाई में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपी विशाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की। शनिवार सुबह पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में गहरा रोष और चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि कोचिंग सेंटरों में ही बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी, तो उन्हें शिक्षा दिलाने कहाँ भेजें।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score