चौखुटिया में ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ आंदोलन के प्रमुख चेहरे भुवन कठायत तीन दिन से लापता हैं। उनकी गुमशुदगी से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। यह आंदोलन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती और मानक अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 56 दिनों से चल रहा है।
भुवन कठायत 24 नवंबर की सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच अमस्यारी स्थित अपने घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है और उनका मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।
परिजनों ने बताया कि वे पूरी रात चिंता में बिता रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। भुवन के पिता भूपाल सिंह ने चौखुटिया कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। स्थानीय लोग भी परिजनों के साथ मिलकर भुवन की तलाश में परेशान हैं।
पुलिस-प्रशासन भुवन की तलाश में सक्रिय है। चौखुटिया कोतवाली से लेकर एसएसपी कार्यालय अल्मोड़ा तक सूचना दी गई है। आसपास के थानों से पुलिस बुलाकर कुल सात टीमें तलाश में लगाई गई हैं। एसओजी की टीम भी जंगलों और ग्रामीण इलाकों में खोजबीन कर रही है। पुलिस ने गुमशुदगी के पोस्टर जारी कर सूचना देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा की है।
इसी बीच, ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ आंदोलन के तहत आरती घाट पर सुरेंद्र नेगी का आमरण अनशन 13वें दिन और बचे सिंह कठायत का अनशन 5वें दिन भी समाधान के बिना जारी है। तीसरे दिन भी कोई सुराग न मिलने से आंदोलनकारी और स्थानीय नागरिक प्रशासन से भुवन कठायत को जल्द सुरक्षित बरामद करने की अपील कर रहे हैं।





