Home » उत्तराखंड » कुमाऊं मण्डलायुक्त दीपक रावत ने किया हल्द्वानी के क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

कुमाऊं मण्डलायुक्त दीपक रावत ने किया हल्द्वानी के क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

Share Now

हल्द्वानी ( नैनीताल )
कुमाऊं मण्डलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी शहर के विभिन्न क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान लो. नि. विभाग, ब्रिडकुल एवं जलसंस्थान के अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे।

दीपक रावत ने अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ क्षतिग्रस्त मार्गों को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिये।

आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में सड़क मरम्मत हेतु डामरीकरण का कार्य नहीं हो सकता है, इसलिए वैकल्पिक तरीकों से सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।

आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊँ मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मॉनिटरिंग की जाए और प्राथमिकता के साथ सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने वर्षाकाल समाप्त होने के पश्चात स्थायी रूप से सड़कों को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा काठगोदाम नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन के समीप सड़क, देवलचौड़ चौराहा मार्ग एवं टीपीनगर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। काठगोदाम रोडवेज के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन से पानी आने और सड़क पर पेयजल लाइन लीकेज के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इस पर आयुक्त ने जलसंस्थान के अधीक्षण अभियंता को तत्काल लीकेज ठीक करने और नवनिर्मित रोडवेज के कार्यदायी संस्थान को स्टेशन से आने वाले पानी को ड्रेनेज सिस्टम में परिवर्तित करने के निर्देश दिये।

देवलचौड़ एवं टीपीनगर मार्गों के निरीक्षण के दौरान लोनि.वि. के अधिकारियों ने बताया कि उक्त मार्गों को जल्द गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर में जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, लोनि.वि. एवं संबंधित अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करें और वर्षाकाल में वैकल्पिक तरीकों से मरम्मत सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, अधीक्षण अभियंता जलसंस्थान विशाल सक्सेना, अधिशासी अभियंता लोनि.वि. प्रत्युष कुमार तथा ब्रिडकुल के अधिकारी उपस्थित थे।

Picture of सुरेश उपाध्याय

सुरेश उपाध्याय

संपादक चारधाम एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Also Read This

Panchang

Live Score