Haldwani News- नैनीताल जिले के पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश के चलते गौला नदी का जलस्तर भी तेजी के साथ बढ़ रहा है।
गौला बैराज के अपस्ट्रीम, खनसू और काठगोदाम में वर्षा होने से गौला बैराज में लगातार पानी बढ़ रहा है।
वर्तमान में 28956 क्यूसेक पानी गौला बैराज के डाउनस्ट्रीम में प्रवाहित हो रहा है।
यह भी अवगत कराया जाना है कि गौला नदी फ्लड लेवल से 12 सेमी ऊपर बह रही है एवं पानी और बढ़ने की प्रबल संभावना है। अतः गौला बैराज के डाउनस्ट्रीम में गौला नदी में कृपया सावधानी बरतें।
हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर क्वारब के पास गुरुवार सुबह से पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। भारी बारिश के चलते हुई इस भूस्खलन घटना ने मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यात्री घंटों से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से फिलहाल यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संबंधित विभाग के कर्मचारी जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बारिश के चलते काम में दिक्कतें आ रही हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने सभी प्रकार के वाहनों का क्वारब क्षेत्र से आवागमन रोक दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।




