हल्द्वानी। नशे के इंजेक्शन के ओवरडेज से घर का इकलौता चिराग बुझ गया। शुभ नामक 23 वर्षीय युवक की लाश पीलीकोठी स्थित खंडहर में मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस के अनुसार, कुसुमखेड़ा हरीपुर नायक भूमिया विहार फेस 2 निवासी गुड़िया किराए के मकान में रहतीं हैं। वह घरों में काम करके अपना गुजर बसर करतीं हैं। गुड़िया की दो बेटियां व एक बेटा है। 23 वर्षीय बेटा शुभ दीवाकर दिल्ली में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। एक सप्ताह पूर्व ही वह अपने घर हल्द्वानी आया था।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे स्वजन की मानें तो वह नशे के इंजेक्शन का आदी था। बुधवार की शाम वह अपने एक दोस्त के साथ घर से निकल गया। जिसके बाद वह रात में घर भी नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने उसे फोन करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की शाम शुभ के दोस्त की बहन ने उनके परिवार वालों को शुभ के पीलीकोठी स्थित खंडहर में पड़े होने की सूचना मिली। जिस पर गुड़िया के मकान मालिक खंडहर में पहुंचा, जहां शुभ अचेत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। आनन फानन में शुभ को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि शुभ की चार घंटे पहले ही मौत हो चुकी है। शुक्रवार को मोर्चरी में शुभ का पोस्टमार्टम कर शव स्वजन को सौंप दिया है।




